यूपी के बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के डुहा बनखंडी नाथ मठ के समीप बुधवार की शाम लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान छह लोग घाघरा नदी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह तीन लोगों को बचा लिया। डूबे तीन युवकों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बचाए गए तीनों युवकों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकदंरपुर पहुंचाया गया। वहां तीनों की हालत में सुधार है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर हजारों लोगों की भीड़ जुट गई थी। जमालपुर बंसी बाजार के युवक बुधवार की शाम मां लक्ष्मी की प्रतिमा के विसर्जन के लिए डुहा बनखंडी नाथ मठ के समीप घाघरा नदी में गए थे।
वहां विसर्जन के दौरान ही बिल्लू उम्र 18 वर्ष पुत्र राजकुमार, संविधान उम्र 17 वर्ष, बेचन उम्र 17 पुत्र लालू, मोनू प्रजापति उम्र 18 वर्ष पुत्र नवीन प्रजापति, रोशन गुप्ता 16 वर्ष पुत्र भरत गुप्ता तथा एक अन्य युवक गहरे पानी में डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने बिल्लू और संविधान के साथ एक और को बचा लिया, लेकिन बेचन, मोनू व रोशन नदी में डूब गए।
काफी तलाश के बाद जब तक उन्हें बाहर लाया गया उनकी मौत हो गई थी। युवकों के डूबने और शव मिलने की सूचना पाकर मौके पर पहुंची सिकंदरपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक बाल मुकुंद मिश्रा ने तीनों शवों को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।