बागपत जिले के गांव संतोषपुर के सेल्समैन अब्दुल अब्बास (35) की मंगलवार सुबह करीब छह बजे संतोषपुर-गौरीपुर मार्ग पर ईंट भट्ठे के पास चाकू से गला काटकर हत्या कर दी गई। उसके सिर पर भी चाकू से वार किए गए। आसपास के कई गांवों में सनसनी फैला देने वाली इस वारदात की एफआईआर में तो किसी को नामजद नहीं कराया गया लेकिन अब्बास के परिजनों ने पड़ोसी गांव बाघू के दूसरे समुदाय के तीन युवकों पर शक जाहिर किया। इसके चलते सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन गई। लाश को पोस्टमार्टम हाउस ले जाने के लिए पुलिस को भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
अब्बास सुबह अपने घर से मोपेड पर गौरीपुर के लिए परचून का सामान लेकर निकला था। वह बाघू, निवाड़ा व गौरीपुर समेत आसपास के गांवों में परचून का सामान सप्लाई करता था। उसके भाई इलियास ने बताया कि गांव के एक किसान का नौकर इस वारदात का चश्मदीद है। उसे उसका नाम नहीं मालूम लेकिन उसने उसे पूरा घटनाक्रम बताया है। उसके मुताबिक जैसे ही अब्बास ईंट भट्ठे के पास पहुंचा, वहां पहले से बाइक पर खड़े तीन युवकों ने उसे घेर लिया। एक नकाबपोश था जबकि दो के चेहरे खुले थे। उन्होंने उसके चेहरे पर चाकुओं से वार किए। इसी दौरान एक ने उसकी गरदन काट दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
उसके सिर पर भी चाकू का गहरा घाव है। नौकर का कहना था कि उसे एक गोली भी मारी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जैसे ही लाश के पोस्टमार्टम के लिए पंचनामा भरा, लोग भड़क गए। उन्होंने पुलिस का विरोध किया। इस पर इंस्पेक्टर कोतवाली अनिल कपरवान ने समझाया कि जो भी तहरीर मिलेगी, उसी के अनुसार कार्रवाई होगी।
दूसरे संप्रदाय की किशोरी को ले जाने पर फलावदा में बवाल
यूपी में फलावदा से संप्रदाय विशेष के युवक द्वारा दूसरे संप्रदाय की किशोरी को ले जाने पर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। भाजपाइयों ने थाने का घेराव किया। उनकी थाना प्रभारी से तीखी झड़प हुई। वहीं कस्बे में तनाव है। स्थिति को हालात को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के भाई और दोस्त को हिरासत में ले लिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने रात तक आरोपी और लड़की की बरामदगी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
मोहल्ला नई बस्ती निवासी संप्रदाय विशेष का युवक बस्ती की ही नाबालिग किशोरी को सोमवार शाम बहला-फुसलाकर ले गया। पीड़ित परिवार के लोग रात में ही रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने अज्ञात में तहरीर लेकर रख ली। मंगलवार सुबह चेयरपर्सन पुत्र सैयद ईशा ने पीड़ित परिवार के साथ थाने जाकर आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। इसकी जानकारी होने पर भाजपा कार्यकर्ता जिला उपाध्यक्ष दिनेश खटीक के नेतृत्व में पीड़ित परिवार को लेकर थाने पहुंच गए और पुलिस पर दबाव में लीपापोती करने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने प्रकरण को लव जेहाद बताया।
भाजपाइयों का आरोप था कि चेयरपर्सन पुत्र कार्रवाई में बाधा डाल रहे हैं। इस दौरान थाना प्रभारी ने रिपोर्ट दर्ज करने की जानकारी दी, लेकिन भाजपाई संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने रात तक लड़की बरामद न होने और आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर निपुण चौहान आदि मौजूद थे। उधर, मामले को लेकर कस्बे में तनाव है। स्थिति को देखते हुए मौके पर बहसूमा और हस्तिनापुर की पुलिस भी बुला ली गई थी।
विधायक संगीत सोम से की बात
भाजपा नेता दिनेश खटीक का आरोप था कि यदि पुलिस ने रात में ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर देती तो आरोपियों को भागने का समय नहीं मिलता। इस बाबत विधायक संगीत सोम से बात हुई है। वे इस समय लखनऊ में हैं। बुधवार को यहां पहुंचेंगे। यदि पुलिस ने रात में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
फलावदा के थाना प्रभारी आजाद सिंह तोमर का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई, लेकिन वे हाथ नहीं आ सके। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी से मेरठ में हंगामा
फेसबुक पर एक संप्रदाय के बारे में टिप्पणी करने और आपत्तिजनक सामग्री डालने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आक्रोशित लोगों ने हापुड़ रोड पर नारेबाजी के साथ हंगामा प्रदर्शन किया और जाम लगा दिया। साथ ही टिप्पणी करने वाले का पुतला फूंका। वहीं टिप्पणी करने वाले आरोपी सुनील तनेजा के खिलाफ लिसाड़ीगेट और नौचंदी थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई।
दरअसल, फेसबुक पर सुनील तनेजा अकाउंट से एक संप्रदाय पर टिप्पणी की गई और अनवर शेख की किताबों के कुछ पेज भी अपलोड कर दिए। उसी को लेकर सोमवार रात इस्लामाबाद के एक मिनारा मस्जिद पर इकट्ठा हुए लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। वहीं, मंगलवार सुबह 10 बजे भी सैकड़ों लोग हापुड़ रोड ग्रीन हास्पिटल के पास इकट्ठा हो गए। आरोपी सुनील तनेजा का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस वजह से हापुड़ रोड पर जाम लग गया।
सूचना पर सीओ कोतवाली रूपेश कुमार, सीओ सिविल लाइन शिवराज सिंह, एसओ लिसाड़ी गेट और एसओ नौचंदी मौके पर पहुंचे। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई कराने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद नौचंदी थाने पर मोहल्ला मंजूर नगर निवासी मोहम्मद यूनुस सैफी ने आरोपी सुनील तनेजा के खिलाफ केस दर्ज कराया। वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने लिसाड़ी गेट थाने पर रिपोर्ट लिखवाई। सीओ रूपेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से छानबीन शुरू कर दी गई है।
फेसबुक से हटवाई आपत्तिजनक सामग्री
हंगामा प्रदर्शन के बाद पुलिस ने फेसबुक पर डाली गई आपत्तिजनक सामग्री को हटवा दिया। एफआईआर में आरोपी का नाम का उल्लेख किया गया है, मगर उसका पता नहीं लिखा गया है। पुलिस उसका पता मालूम करने में लगी है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
सुनील तनेजा के खिलाफ नौचंदी थाने पर धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने की धारा 295 ए आईपीसी और भड़काऊ सामग्री सोशल साइट पर डालने के कारण 66/66ए आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज हुई। वहीं, लिसाड़ी गेट थाने पर 295 ए और 67 आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट लिखी है।