चित्रकूट। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के रैपुरा थाना क्षेत्र के मैकी मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रहे युवक को टक्कर मार दी। घायल युवक को जिला अस्पताल लाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर, स्थानीय लोगों ने बाइक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
रैपुरा थाना क्षेत्र के मुस्लिमपुरवा पहाड़ी गांव निवासी अमरनाथ ने बताया कि उनका बेटा बुद्धराज (19) शुक्रवार की शाम बाजार गया था। वापसी में गांव आने के लिए सड़क पार कर रहा था इसी बीच मैकी मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक आई ने टक्कर मार दी। स्थानीय लोगाें ने बाइक और चालक को पकड़ लिया। घायल बुद्धराज को जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान उसकी मौत होगई। उधर, घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस बाइक और चालक को थाने ले गई।
थाना प्रभारी नागेंद्र नागर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। युवक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी दो बहन भी हैं। पूरा परिवार खेती बाड़ी व मजदूरी कर जीवन यापन करता है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया।