बरगढ़(चित्रकूट)। बरगढ़ कस्बा स्थित आर्यावर्त बैंक से दिव्यांग के खाते से धोखाधड़ी कर पांच हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर मामले की जांच कराकर मामला दर्ज कराने की मांग की है।
बरगढ़ क्षेत्र के तुरगंवा गांव निवासी दिव्यांग जोफई पुत्र लुल्ली ने अधिकारियों को लिखे पत्र में कहा कि उसका बरगढ़ कस्बा स्थित आर्यावर्त बैंक में खाता है। जिसमें विकलांग पेंशन आती है। जिससे 18 फरवरी को वह रुपये निकालने के लिए बैंक गया। बैंक के अंदर एक कर्मचारी ने दिए गए विड्राल को रख लिया। स्वयं दूसरा विड्राल भरकर हस्ताक्षर करा लिए।
इसके बाद 1500 रुपये दिए। तीन मार्च को जब वह फिर बैंक से रुपये निकालने पहुंचा तो काउंटर पर बैठे बैंककर्मी ने कहा कि खाते में पैसे नहीं है क्योंकि 18 फरवरी को तुमने पांच हजार रुपये निकाले हैं। जब उसने बैंक कर्मियों से शिकायत की तो उसे जांच कराने के नाम पर टरका दिया गया। उसके साथ की गई धोखाधड़ी की जांच कराकर कार्रवाई की जाए। बैंक मैनेजर आदर्श द्विवेदी ने बताया कि इस मामले की जानकारी नहीं है। यदि बैंक कर्मी ने ऐसा किया होगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।