भरतकूप। जिलाधिकारी ने विकासखंड कर्वी की ग्राम पंचायत टिटिहरा का निरीक्षण कर सभी ग्रामीणों से मतदान की अपील की। इसके साथ ही उन्हें मतदान के लिए भी प्रेरित किया। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने ग्रामीणों से कहा कि सभी लोग वैक्सीनेशन कराएं। 60 वर्ष से ऊपर व किशोर, किशोरियों का शत प्रतिशत टीका लगाएं। उन्होंने एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी, पंचायत सहायकों से कहा कि जिन लोगों को द्वितीय डोज के नौ माह पूर्ण हो चुके हैं उन्हें बूस्टर डोज लगवाएं। जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों से यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान करें। इस दौरान उप जिलाधिकारी कर्वी पूजा यादव, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी राजबहादुर, नायब तहसीलदार कर्वी रामानंद मिश्रा सहित लेखपाल, सचिव, ग्राम प्रधान आदि मौजूद रहे।
वैक्सीनेशन में प्रधान करें सहयोग
मानिकपुर। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने शुक्रवार को विकासखंड मानिकपुर की ग्राम पंचायत सकरौहा व मऊ गुरदरी का औचक निरीक्षण कर वैक्सीनेशन का जायजा लिया। ग्राम प्रधानों से वैक्सीनेशन में सहयोग को कहा। डीएम ने उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी से इस कार्य में लेखपाल, सचिव को भी लगाने का कहा। इस मौके पर एसडीएम मानिकपुर प्रमेश श्रीवास्तव, बीडीओ सुनील सिंह, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी राजेश सिंह सहित लेखपाल, सचिव, ग्राम प्रधान आदि मौजूद रहे। (संवाद)