बुखार व डायरिया से पीड़ित बच्चों को लेकर जिला अस्पताल में बैठी इनकी मां। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। जिले में बुखार, डायरिया, खांसी व उल्टी-दस्त के मरीजों का प्रकोप बढ़ा है। बुखार से ग्रसित दो मरीजों की और मौत हो गई। जबकि तीन लोग जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। दो दिन के अंदर चार की मौत हो चुकी है जिसमें तीन बच्चे भी शामिल हैं।
एक सप्ताह से संक्रमण के चलते लोग सर्दी, जुकाम, बुखार, उल्टी, दस्त, पेट दर्द से ग्रसित हो रहे हैं। वहीं डेंगू की जांच कराने को लैबों में भीड़ लगी रहती है। शनिवार को बुखार के चलते दो मासूमों की जान चली गई। इसी रात कोतवाली कर्वी क्षेत्र के कुंजनपुरवा के मलखान की दो माह की पुत्री प्रिया व तरौंहा के कामता प्रसाद पुत्र शिव प्रसाद पांडेय को परिजन जिला अस्पताल लाए। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में शोक छाया है। इसके अलावा रविवार को सीतापुर चौकी क्षेत्र के रानीपुर भट्ट गांव के जितेंद्र के तीन वर्षीय जुड़वा बेटे लव व कुश को बुखार आने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इसी क्रम में दस्त व पेट दर्द के चलते कोतवाली कर्वी के खजुरिया गांव के संतोष के नौ वर्षीय पुत्र नरेंद्र को भर्ती कराया गया है।
सर्पदंश से मजदूर की मौत
शिवरामपुर (चित्रकूट)। सर्पदंश से एक मजदूर की मौत हो गई। इसी गांव की एक अन्य महिला को सर्प ने डस लिया है।
कोतवाली कर्वी क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर गांव निवासी राजेंद्र पुत्र केदार को रविवार को सोते समय सर्प ने डस लिया। कोशिश के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। पत्नी ननकी रो-रोकर बेसुध है। एक पखवाड़े में पहले बेटे फिर पति की सांसे थमने से वह बदहवास है। अब एक पुत्र व दो पुत्रियों के भरण-पोषण का संकट है। मृतक राजेंद्र मजदूरी कर जीवनयापन करता था। बताया गया कि करीब एक पखवाड़े पूर्व मृतक राजेंद्र के पांच वर्षीय पुत्र रामदीन की भी सर्पदंश से मौत हो गई थी।
इसी क्रम मे गांव की पूजा देवी को रविवार की सुबह सर्प ने डस लिया। परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर किया गया है। (संवाद)
खाया जहर
भरतकूप। थाना क्षेत्र के गोंडा गांव की कंचन (25) पत्नी सुशील ने अज्ञात कारणों के चलते रविवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। (संवाद)