चित्रकूट। कोतवाली थाना क्षेत्र के कछार पुरवा मजरा कोलगदहिया निवासी विमला देवी पत्नी अवधेश कुमार एसडीएम कार्यालय के बाहर पेट्रोल लेकर धरने पर बैठ गई। यह देख प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और न्याय का भरोसा दिया।
महिला ने बताया कि उसे 25 साल पहले पट्टे में जमीन मिली थी। दाखिल खारिज भी उसके पास है। गांव का दबंग उस पर कब्जा करना चाहता है वह उनकी जमीन पर निर्माण करा रहा है। आरोप लगाया कि संबंधित लेखपाल, नायब तहसीलदार आरोपी से रिश्वत की मांग कर रहे हैं। धरने पर बैठी महिला ने कहा कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो एसडीएम कार्यालय के बाहर सपरिवार पेट्रोल छिड़क कर आग लगा लेगी।
तहसीलदार संजय अग्रहरि ने बताया कि महिला को समझाकर धरना खत्म करा दिया है। उसके गांव जाकर समस्या का समाधान भी करा दिया गया है। लेखपाल व नायब तहसीलदार पर रिश्वत मांगने के आरोप गलत हैं।