फोटो-13-निधि मिश्रा- फाइल फोटो
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के मंदाकिनी पुल के पास स्थित सिंचाई कालोनी के पीछे रहने वाली महिला की छत से गिरकर मौत हो गई। वहीं, मायका पक्ष ने पति पर पिटाई कर हत्या का आरोप लगाया है।
सिंचाई विभाग कालोनी निवासी नितेश मिश्रा की सुमेरपुर निवासी निधि मिश्रा (35) से पांच जून 2014 को शादी हुई थी। सोमवार की देर शाम को घर में उसकी मौत हो गई। इस पर पति का कहना है कि छत से गिरने पर पत्नी को कई जगह चोट लगी थी इसका इलाज कराया गया लेकिन जान नहीं बच पाई। उधर, मंगलवार को मायके से पहुंचे उसके भाई विकास द्विवेदी ने आरोप लगाया कि पति उसकी बहन के साथ मारपीट करता था। सोमवार की शाम फोन आया था कि बहन निधि छत में कपड़े डालने गई थी। तभी गिरने से मौत हो गई। इस पर जब ससुराल पहुंचे तो देखा कि शरीर में कई जगह गंभीर चोट के निशान मिले हैं।
आरोप लगाया कि बहन की पिटाई कर हत्या की गई है। पिता रामसजीवन ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उसके एक पुत्री है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। कोतवाल भास्कर मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया है। अभी तक कोतवाली में कोई तहरीर नहीं मिली है।