चित्रकूट। भाकियू की बैठक में खाद-पानी और अन्ना मवेशी की समस्या पर चर्चा की गई। किसान नेताओं ने अधिकारियों को समस्याओं का ज्ञापन सौंपा।
भारतीय किसान यूनियन की बैठक मंगलवार को जिले के पांचों ब्लाकों में ब्लाक अध्यक्षों की अध्यक्षता में हुई। जिलाध्यक्ष राम सिंह के नेतृत्व में रामनगर ब्लाक परिसर में जिलाधिकारी संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को सौंपा गया। किसानों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। सदर तहसील अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने कहा कि पयस्वनी नदी से डायवर्जन नहर की सिल्ट सफाई अविलंब कराते हुए टेल तल पानी छोड़ा जाए। साथ ही छिपनी बाहरखेड़ा के किसान ने मकरी पहरा के लेखपाल पर 20 हजार रुपये लेने के बाद भी दाखिल खारिज न करने का आरोप लगाया है। ब्लाक अध्यक्ष पहाड़ी राजकिशोर सिंह ने कहा कि ग्राम बछरन, तौरा, प्रसिद्धपुर, जमहिल, गनींवा, चनहट, रमपुरिया, अर्जुनपुर, नोनार सहित एक दर्जन गांवों में जंगली जानवरों से किसानों की फसल बर्बाद हो गई है। गोशालाओं पर कागजी कोरम पूरा किया जा रहा है।
जिला महामंत्री अरुण कुमार पांडेय ने खाद की समस्या उठाई। जिला उपाध्यक्ष उदयनारायण सिंह ने धान क्रय केंद्र बढ़ाने की मांग की।
इस मौके पर शिवदयाल सिंह बघेल, विनोद सिंह, विनय कुमार तिवारी, नरेश तिवारी, शत्रुघ्न सिंह, रामेश्वर सिंह, जसवंत सिंह, कमलेश कुमार, संत गोपाल भारतीय, राजकुमार पांडेय, तीरथ प्रसाद सिंह, शिव सिंह, रावेंद्र, राजकुमार पटेल, विजय सिंह, मीडिया प्रभारी देवेंद्र सिंह सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।