चित्रकूट। शहर के पॉश इलाके में सुनील सोहाने की सराफा की दुकान से 55 लाख की चोरी मामले में सोमवार को दुकान में बनी कांच की दीवार बंद कराकर इसे ईंट की दीवार बना दी गई। बगल में स्थित जनसेवा केंद्र में आने जाने वाले युवकों के सीसीटीवी फुटेज से चोरों के चेहरे का मिलान पुलिस कर रही है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को तड़के पुरानी बाजार स्थित सराफा की दुकान की शटर उचकाकर स्कार्पियो से आए चोरों ने जेवरात से भरी तिजोरी पार कर दी थी। यह घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद है इसके बाद भी पुलिस के चौथे दिन हाथ खाली हैं। जिस दुकान में चोरी हुई उसके बगल में स्थित जनसेवा केंद्र की दुकान के बीच एक कांच की दीवार थी। सोमवार को पुलिस के निर्देश पर मकान मालिक ने यह दीवार ईंट की बनवा दी है। उधर, पुलिस टीम जनसेवा केंद्र आने जाने वाले लोगों की भी पहचान करा रही है जिसमें संभावना है कि शायद कोई चोर रेकी में आते समय दिख जाए।
उधर सीओ सिटी शीतला प्रसाद पांडेय ने बताया कि मामले में पांचों टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। कई टीमें बाहर गई हैं।