चित्रकूट/मऊ। ग्राम बरहा कोटरा में पांच मार्च को युवती की हत्या उसके ही करीबी रिश्तेदार बबलू विधायक ने की थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इसका खुलासा किया। बताया कि दुष्कर्म का विरोध करने पर युवती की हत्या कर उसका शव फेंक दिया गया था।
बता दें कि ग्राम बरहा कोटरा में पांच मार्च को युवती का शव बरामद हुआ था। थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना से प्रकाश में आए आरोपी कमल बिहारी त्रिपाठी उर्फ बबलू विधायक (निवासी बरहा कोटरा) को गिरफ्तार किया गया।
रविवार को एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि बबलू ने कड़ी पूछताछ के बाद जुर्म कबूल किया और बताया कि युवती पर उसकी काफी समय से गलत नजर थी। पांच मार्च की शाम करीब छह बजे खेत जाते वक्त उसने शिव मंदिर के पास से युवती का पीछा किया।
मंदिर के पश्चिम की तरफ खेत में उगी झाड़ियों के पास दबोच लिया। दुष्कर्म करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसका मुंह और गला दबाकर मार डाला। इसके बाद शव को अपने खेत के पास झाड़ियों में नाले के किनारे फेंक दिया।
थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआई बालकिशुन, कन्हैया बक्स सिंह, होलिकेंद्र, अंकित कुमार सिंह शामिल रहे।