मऊ (चित्रकूट)। शौचक्रिया के लिए निकली गर्भवती महिला को तमंचा दिखाकर युवक ने दुष्कर्म किया। पुलिस से शिकायत करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने बताया कि वह गर्भवती है। मंगलवार की शाम को खेत की ओर शौचक्रिया के लिए गई थी। वहां पहले से मौजूद गांव के बबुली निषाद ने उसे पकड़ लिया, विरोध कर चिल्लाने की कोशिश की तो आरोपी ने तमंचा दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस को बताने पर परिवार के सदस्यों को गोली मार देने की धमकी दी।
पीड़िता ने बताया कि घर आकर उसने परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद यूपी 112 में फोन लगाया लेकिन फोन नहीं लगा। बुधवार को परिजनों के साथ थाने में नामजद तहरीर दी है। जिसमें बताया कि आरोपी दबंग किस्म का है पहले भी गांव में कई वारदात कर चुका है। इंचार्ज थाना प्रभारी गोपाल चंद्र कनौजिया ने बताया कि आरोपी बबुली निषाद के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।