चित्रकूट। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लेकर 31 मई को होने वाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संवाद जनपद के सभी ब्लॉकों में होगा। शहर में इसके लिए भजन संध्या स्थल को चुना गया है। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बुधवार को कलेक्ट्रट सभागार में अफसरों संग बैठक की।
जिलाधिकारी ने बताया कि करीब 45 मिनट का यह पीएम संवाद कार्यक्रम 11 बजे से शुरू होगा। संवाद कार्यक्रम में सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख आदि जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। चित्रकूट में भजन संध्या स्थल को चिह्नित कर लिया गया है। अफसर बाकी चार ब्लॉकों पहाड़ी, मानिकपुर, मऊ, रामनगर में स्थलों का चयन करेंगे। इसके लिए ग्राम प्रधानों की मदद ली जाएगी। स्थल ऐसे चिह्नित किए जाएं जहां लाभार्थी आसानी से पहुंच सकें। संवाद कार्यक्रम स्थलों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन, माइक, कैमरा की व्यवस्था कराई जाएगी। अफसर खाना, पीने के पानी और ओआरएस घोल की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें।
उन्होंने बताया कि पीएम सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे संवाद करेंगे। ऐसे में किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, पोषण अभियान, मातृ वंदना योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, आरोग्य, वन नेशन वन राशन कार्ड, मुद्रा, आवास, ग्रामीण आजीविका मिशन के लाभार्थियों को आमंत्रण पत्र भेजकर बुलाया भेजा जाएगा। इन्हें लाने व ले जाने के लिए वाहनों की व्यवस्था रहेगी। बैठक में सीडीओ अमित आसेरी, एडीएम कुंवर बहादुर सिंह, सीएमओ भूपेश द्विवेदी, डीडीओ राजकुमार त्रिपाठी व सभी विकास खंड अधिकारी मौजूद रहे।