फोटो-15- नर्सिंग छात्रा प्रभा उपाध्याय- फाइल फोटो
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट जानकीकुंड में नर्सिंग का कोर्स कर रही छात्रा ने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। छात्रा की पांच माह पूर्व शादी हुई थी। छात्रा के पास सुसाइड नोट भी मिलने की चर्चा है। हालांकि पुलिस सुसाइड नोट मिलने से इनकार कर रही है। इस संबंध में पुलिस ने एक युवक को थाने में बैठाया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है।
बांदा जिले अतर्रा थाना क्षेत्र के हतम गांव की प्रभा उपाध्याय जानकीकुंड के नर्सिंग कालेज में पढ़ाई करती थी। इसी पढ़ाई के तहत अस्पताल में ट्रेनिंग भी होती है। शुक्रवार की रात को छात्रा की नाइट ड्यूटी थी। कर्मचारियों के अनुसार ड्यूटी के ही दौरान उसने जहरीला पदार्थ खा लिया।
कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी। ट्रेनिंग में मौजूद अन्य छात्राओं ने आनन फानन में उसे बेड में लिटाकर डॉक्टर को सूचना दी। बाद में उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर चित्रकूट (मप्र) थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। मृतका के परिजनाें को सूचना दी गई।
शनिवार को परिजनों के आने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा गया है। मृतका तीन साल से कालेज में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। पांच माह पूर्व इसकी चित्रकूट के भरतकूप थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी हुई थी।