चित्रकूट। ह्यूमन राइट्स लीगल नेटवर्क के जिला संयोजक रूद्र प्रसाद मिश्र ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित मुख्य विकास अधिकारी को बताया कि जनपद के कुछ ग्रामों में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए शिकायत किए जाने पर जांच के दौरान लीपापोती कर अपराधियों को बचाने का काम किया जाता है।
लीगल नेटवर्क के जिला संयोजक ने आरोप लगाया है कि दुबई में रहकर काम करने वाले व्यक्ति के नाम फर्जी मास्टर रोल भरकर मनरेगा की धनराशि हजारों रुपये निकाली गई है। उन्होंने इसका प्रमाण देते हुए कहा कि ग्राम पंचायत बगरेही ब्लाक मानिकपुर जनपद चित्रकूट में अवध बिहारी पुत्र रमाशंकर का जॉबकार्ड है। उसके जॉबकार्ड के साथ उसकी पत्नी नीलम का भी नाम है और दोनों के अलग-अलग बैंक में खाता है। आरोप लगाया कि बिहारी के नाम मास्टर रोल से रुपये निकाल लिए गए हैं। जबकि उस अवध में वह दुबई में रहकर ड्राइविंग का काम करता रहा है। उन्होंने मांग की है फर्जी मस्टर रोल तथा फर्जी हस्ताक्षर करके धनराशि आहरित करने वालों के खिलाफ प्रकरण की जांच कराकर दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर धनराशि वसूल की जाए। (संवाद)