चित्रकूट। समाज कल्याण विभाग से संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार को राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर सीतापुर में 275 जोड़े दांपत्य सूत्र बंधन में बंधे। गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक रामनारायण त्रिपाठी की टीम ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विवाह कार्यक्त्रस्म को संपन्न कराया।
शुभारंभ लोनिवि राज्य मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, सांसद आरके सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ल, पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे, पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्र ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित व माल्यार्पण कर किया। इस मौके पर तुलसी पीठ के उत्तराधिकारी आचार्य रामचंद्र दास सहित अतिथिगणों ने विवाहित जोड़ों के सुखमय जीवन की कामना के साथ आर्शीवाद दिया।
विवाह कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने वैवाहिक जोड़ो के जयमाल के दौरान पुष्प वर्षा की। प्रमाण पत्र के साथ अन्य सामग्री भी प्रदान की गई। संचालन शिक्षक साकेत बिहारी शुक्ल ने किया। जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने अतिथियों को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार जताया।