चित्रकूट/खोही। खोही बड़ा अखाड़ा के महंत कल्याण दास की मौत के बाद उनके पुत्र ने हत्या की आशंका जताई है। शुक्रवार को तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया इसके बाद आश्रम के पास ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। हालांकि महंत के बंद कमरे का ताला अभी फिलहाल अन्य संत महंतों के न आने के कारण नहीं खुल सका है।
गुरुवार को महंत के गोलोकवासी होने के बाद देर रात को पहुंचे उनके पुत्र गाेंडा निवासी संतोष कुमार ने इस मौत को साजिश बताकर हड़कंप मचा दिया। आरोप लगाया कि संपत्ति की लालच में उनके पिता को मारा गया है। उन्हें आए दिन प्रताड़ित किया जाता था।
जानकारी उनके बैग में रखे कागजों से हो सकती है। इसके बाद पूरा जिला प्रशासन अलर्ट हो गया। देर रात को ही तीन डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। इसकी वीडियो रिकार्डिंग कराई गई है। मौके पर एसडीएम पूजा यादव व सीओ शीतला प्रसाद पांडेय समेत कोतवाली व सीतापुर चौकी की पुलिस टीम मौजूद रही।
शुक्रवार की सुबह वैदिक क्रिया से शव का कई संतों की मौजूदगी में आश्रम के पास अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद आरोपों की जांच के लिए कई संत महंत का कमरा खुलवाने के लिए मौजूद रहे। शाम को कई अन्य संतों का इंतजार होता रहा।
खाकी अखाड़ा के महंत अनूप दास ने कहा कि जब सभी संत महंत एकत्र होंगे, तभी ताला खुलेगा। देर शाम को संतों ने चाबी एसडीएम को सौंप दी। सीओ ने बताया कि शनिवार को सभी की मौजूदगी में ताला खुलवाकर जांच कराई जाएगी।