मानिकपुर। कस्बे के शिवनगर मोहल्ले में शिक्षक के घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के जेवर व नगदी पार कर दी। रविवार को गृहस्वामी को इसकी जानकारी हुई। पीड़ित परिजनों ने मोहल्ले के ही दो युवकों पर चोरी करने का आरोप लगाकर तहरीर दी है। यह भी बताया कि यह आरोपी पहले भी उसके परिवार के साथ मारपीट व गालीगलौज कर चुके हैं जिसकी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी इसी खुन्नस में चोरी कराई गई है।
शिवनगर निवासी शिक्षक गुलाब चंद्र जायसवाल की पत्नी सविता जायसवाल ने बताया कि वह अपने पति के साथ गांव बगदरी गई थी। मानिकपुर का घर सूना पड़ा था। रविवार को जब लौटे तो गेट का ताला टूटा मिला अंदर जाकर देखा तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और लगभग तीन लाख रुपये के जेवरात व अन्य सामग्री चोर ले गये हैं। इसकी थाने में नामजद तहरीर दी है। आरोप लगाया कि पहले भी यह आरोपी उसके साथ गालीगलौज व अभद्रता कर चुका है जिसकी रिपोर्ट दर्ज होने पर मुकदमा चल रहा है। कई बार मुकदमा वापस लेने का दबाव भी बनाया लेकिन परिजन तैयार नहीं हुए। इसी खुन्नस में उसने चोरी कराई है। मांग की है कि आरोपी को पकड़ा जाए तो चोरी का राज खुल जाएगा।
शिक्षक की बाइक चोरी
चित्रकूट। शहर के सिविल लाइंस मार्ग पर स्थित आर्यावर्त बैंक के सामने से शिक्षक हर्षदीप जायसवाल निवासी जगदीश गंज की बाइक चोरों ने पार कर दी। इसकी पुलिस सूचना दी गई है। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक बाइक को चोरी कर ले जाते देखे गए हैं। कोतवाली पुलिस टीम आरोपियों की तलाश कर रही है। (संवाद)