मऊ(चित्रकूट)। घर से भागकर शादी से इनकार करने पर प्रेमी ने चचेरे भाइयों से हटवा गांव की सपना की हत्या कराई थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को हत्याकांड का खुलासा कर दिया। प्रेमी की निशानदेही पर मृतका के टूटे मोबाइल फोन खेत से बरामद कर लिए गए। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
एसपी धवल जायसवाल ने बृहस्पतिवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि हटवा गांव की सपना देवी और विष्णु में एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जानकारी होने पर दोनों के परिजनों पर कई बार विवाद हुआ। परिजनों ने विष्णु को मौसी के घर बबेरू भेज दिया। सपना के परिजनों ने मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में उसकी शादी तय कर दी। 16 फरवरी को शादी होनी थी।
विष्णु सपना पर घर से भागकर शादी करने का दबाव डाल रहा था। इनकार करने पर विष्णु ने चचेरे भाई छोटू उर्फ सूरज व कौशल के साथ हत्या की साजिश रच डाली।
एसपी ने बताया कि विष्णु ने सपना को फोन कर सात फरवरी को शाम करीब 7:30 बजे गिफ्ट देने के बहाने घर से करीब ढाई सौ मीटर दूर धीरेंद्र के अधबने मकान में बुलाया था। वहां मौजूद छोटू और कौशल ने सपना की गला दबाकर हत्या कर दी। पीछे विष्णु भी खड़ा रहा। लाश उसी मकान मेें छिपाकर तीनों भाग निकले। सपना के दोनों मोबाइल फोन तोड़कर गेहूं के खेत में फेंक दिए।
आठ फरवरी को सपना के परिजनों ने विष्णु के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एक मार्च को धीरेंद्र के मकान में एक युवक ने शव देकर ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मकान में लड़की का सिर विहीन शव बरामद किया। कपड़ों के आधार पर चाचा ने सपना के शव की शिनाख्त की। पुलिस ने विष्णु को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने सच उगल दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को गेहूं खेत से सपना के दोनों मोबाइल बरामद कर लिए। इसके साथ ही सूरज और कौशल को भी गिरफ्तार कर लिया। अपहरण में दर्ज मुकदमे में साजिश रचने, हत्या आदि की धारा बढ़ा दी है। तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।