चित्रकूट। अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे एस सुधाकरण ने जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन पेयजल परियोजनाओं के कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी ली। बताया गया कि गुंता बांध पर इंटेकवेल (पानी को रोकना) का कार्य प्रगति पर है। इसका लगभग 39 प्रतिशत कार्य हो चुका है।
बुधवार को कलक्ट्रेट स्थित कार्यालय में हुई बैठक में कार्यदाई संस्था एलएंडटी के अधिकारियों ने बताया कि सिलौटा मुस्तकिल, चांदी बागर पेयजल परियोजना का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। मौजूदा समय निर्माण कार्य में 40 टीमें लगी हुई हैं। कार्यदाई संस्था जीवीपीआर इंजिनियर्स लिमिटेड के अधिकारी ने बताया कि रैपुरा ग्राम समूह योजना के अंतर्गत गुंता बांध से जल का स्रोत लिया गया है। इंटेकवेल का लगभग 39 प्रतिशत कार्य हो चुका है। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के सभी कंपोनेंट्स पर समानांतर रूप से कार्य चल रहा है।
150 किमी की पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। 1500 किमी पाइप लाइन जिले में आपूर्ति हो रही है। ढाई हजार कनेक्शन भी दिए जा चुके हैं। एडीएम ने दोनों कार्यदाई संस्थाओं के अधिकारियों को गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए समयसीमा में काम पूरे करने के निर्देश दिए।