राष्ट्रीय उद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष
अमित गुप्ता ने कहा है कि आजादी के बाद से ही व्यापारी वर्ग की देश में
उपेक्षा हो रही है। सत्ताधारी व्यापारियों को खलनायक के रूप में देखते हैं।
वे गुरुवार को जिला मुख्यालय के एक गेस्ट हाउस में आयोजित संगठन की बैठक
को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि व्यापारियों की मांगों पर
चर्चा करने और इन्हें पूरा कराने की रणनीति बनाने के लिए ही बांदा में 23
जून को मंडलीय व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें मुख्य
अतिथि महिला बाल एवं बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री कैलाश चौरसिया होंगे।
उन्होंने
कहा कि भारत को विकासशील से विकसित देश बनाने में उद्योग और व्यापारी वर्ग
ही सक्षम है। आज छोटे-मझोले व्यापार एवं लघु उद्योग में लगभग एक करोड़ 75
लाख उद्यमी हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन राष्ट्रीय व्यापारी आयोग के
गठन, व्यापारी क्रेडिट कार्ड योजना लागू कराने, व्यापारी एक्ट बनाए जाने,
वायदा कारोबार बंद कराने, व्यापारी सुरक्षा सेल गठित कराने, श्रम कानून और
सैंपलिंग प्रणाली में परिवर्तन, बीमा राशि बीस लाख करने, राजस्व के दस
फीसदी हिस्से को व्यापारी समाज में लगाने, भगवान की मूर्तियों, वस्त्र आदि
को टैक्स फ्री कराने, ठेला, खोमचा आदि को दुकान आवंटित कराने, ई व्यापार पर
रोक लगाने जैसी मांगों को लेकर प्रयासरत हैं।
इस मौके पर
राष्ट्रीय संगठन मंत्री शानू गुप्ता, रामबाबू गुप्ता, स्वप्निल अग्रवाल,
सुनील जायसवाल, श्याम गुप्ता, ललित जायसवाल, नारायण दास गुप्ता आदि मौजूद
रहे। संचालन शेषू जायसवाल ने किया।