चैत्र नवरात्र की नवमी पर कन्या भोज के पहले कन्याओं के पैर धोते समाजसेवी रामबाबू गुप्ता। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। नवरात्र के नवें दिन मां दुर्गा के स्वरूप सिद्धिदात्री देवी के दर्शनों के लिए देवी मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में देवी भक्तों ने मंदिरों में पहुंच कर विधिविधान से मां की पूजा कर प्रसाद चढ़ाया। मां के जयकारे से मंदिर गूंजते रहे। मंदिरों के बाहर कई श्रद्धालुओं ने कन्याओं को हलुवा, पूड़ी खिलाई।
चैत्र नवरात्र की नवमी पर सिद्धिदात्री देवी के दर्शन करने के लिए भीषण गर्मी होने के बावजूद भक्तों में उत्साह देखा गया। मंदिरों में महिलाओं ने हवन पूजन कर प्रसाद चढ़ाया। इसके अलावा घरों में कन्या भोज खिलाया गया। जिसमें कन्याओं के पैर धोने के साथ ही पूजन कर तिलक लगाया गया।
मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम का भी आयोजन हुए। जिले के राजापुर, मऊ, मानिकपुर, पहाड़ी, शिवरामपुर, भरतकूप, बरगढ़, खोही, सरैंया, रामनगर, भौंरी, खंडेहा आदि स्थानों के देवी मंदिरों में भी महिलाओं की भारी भीड़ रही।