चित्रकूट। शहर के भैरों पागा मोहल्ले में शराब बनाकर बेचने का विरोध करना जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष को महंगा पड़ा। आरोपियों ने तमंचे से पूर्व अध्यक्ष पर फायर झोंक दिया जिसमें वह बाल बाल बच गए। भागते समय आरोपियों का तमंचा वहीं गिर गया लेकिन आरोपियों ने कार का शीशा तोड़ दिया।
जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सुरेश तिवारी ने बताया कि उनके भैरों पागा मछली मंडी मोहल्ले में पांच महिलाएं व उनके पति प्रतिदिन घर में कच्ची शराब बनाकर बेचते हैं। घर बुलाकर लोगों को शराब पिलाते हैं और मोहल्ले में अराजकता फैलती है। मंगलवार की शाम को भी इसी बात को लेकर आरोपियों से विवाद हुआ। देर रात को कुछ आरोपी घर के बाहर आकर गाली गलौज कर रहे थे। जैसे ही वह दरवाजा खोलकर बाहर आने लगे तो उन पर तमंचे से फायर झोंक दिया गया। जिसमें वह बाल बाल बच गये। पूर्व अध्यक्ष ने कोतवाली में पांच महिलाओं व अन्य आरोपियों के नामजद तहरीर देकर बताया कि इससे उन्हें जान का खतरा भी बना है। आरोपियों पर कार्रवाई कराने की मांग की है।