राजापुर (चित्रकूट)। थानाक्षेत्र के यमुना पुल मार्ग पर पैदल जा रहे एक किसान पर सांड़ ने हमला कर दिया। इससे किसान की मौत हो गई।
राजापुर कस्बा के कारखाना मोहल्ला निवासी पन्ने लाल सोनकर (70) शुक्रवार की शाम को घर से पैदल यमुना पुल की तरफ गए थे। वहां से लौटते वक्त पांडेयपुरवा के पास पीछे से आए सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। तीन चार बार सांड़ ने उन्हें टक्कर मारी। यह देख आसपास के लोगों ने डंडे लेकर सांड़ को भगाया।
उसके बाद घायल पन्ने लाल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पन्ने लाल के तीन बेटे लोटन, राकेश व अखिलेश हैं। पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद पुलिस ने सांड़ को एक सूनसान स्थान पर रस्से से बंधवा दिया है।