चित्रकूट। सपहा गांव में डीडीसी सदस्य के चचिया ससुर की हत्या के मामले में बसपा के पूर्व मंत्री गया प्रसाद दिनकर ने स्थानीय भाजपा नेता पर हत्यारोपियों को बचाने के आरोप लगाए हैं। दावा किया कि मामले में एक जनप्रतिनिधि ने आरोपियों को बचाने की सिफारिश की है, जिसका उनके पास प्रमाण है।
सोमवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे पूर्व मंत्री ने परिजनों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा कि डीडीसी के चचिया ससुर की हत्या ईर्ष्या में की गई है। कहा कि हत्यारोपी पहले से कई मामलों में नामजद हैं। इस मामले मेें भी पुलिस की भूमिका संदिग्ध है। विवाद की सूचना देने के बाद भी पुलिस मौके पर कोई नहीं पहुंची। जिससे आरोपियों के हौसले बढ़ गए और वह रात में जाकर नंगानाच किया।
उन्होंने मामले में दरोगा व पुलिसकर्मियों को निलंबित करने व हत्यारोपियों पर रासुका लगाने की मांग की। दावा किया कि मामले में एक जनप्रतिनिधि ने आरोपियों को बचाने की सिफारिश की है। जिसका उनके पास प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में अनुसूचित जाति, जनजाति के लोगों पर अत्याचार बढ़ा है। सरकार सिर्फ झूठ बोल रही है। डबल इंजन की सरकार में प्रतिदिन हत्याएं, दुष्कर्म व छेड़खानी की घटनाएं हो रही हैं। इस मौके पर बसपा नेता बल्देव प्रसाद, सत्येंद्र वर्मा, दुर्गा प्रसाद, कौशलेंद्र कुमार, रामलखन निषाद, पुष्पेंद्रसिंह व बलवीर पाल आदि मौजूद रहे।