चित्रकूट। टेंट का सामान ले जाने के लिए लोहे की सीढ़ी ई-रिक्शे में रखते समय ऊपर से गुजरी हाईटेंशन तार से छू गई। इससे ई-रिक्शा चालक की झुलसकर मौत हो गई।
सदर कोतवाली कर्वी क्षेत्र के खोह गांव निवासी गंगा आरख (23) टेंट का सामान चुन्नीलाल शास्त्री के यहां से ई-रिक्शा में रखकर दूसरी जगह ले जाने को लोहे की सीढ़ी रखने लगा। इसी दौरान ऊपर से गुजरी एचटी लाइन में सीढ़ी छू जाने से करंट की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
यह देख आसपास के लोग व परिजन आनन-फानन जिला अस्पताल ले गए। वहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। गंगा दो भाइयो में बड़ा था। पत्नी राखी, मां किरन देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। गंगा के पिता की मौत पहले बीमारी के चलते हो चुकी है। इसके बाद वह ई रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था।