चित्रकूट। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक हुई। उन्होंने कहा कि जो सुपरवाइजर सही से काम नहीं कर रहे हैं, उनके स्थान पर दूसरों से काम कराया जाए। वैक्सीनेशन के काम में लापरवाही न करें, जो बचे हैं उनके घर जाकर जानकारी लें।
कहा कि फील्ड में जाकर समस्याएं देखें। दवाएं व संसाधन उपलब्ध कराएं। जहां महिलाएं हैं वहां आशा कार्यकर्ताओं को भेजें। औपचारिकता न निभाएं। वैक्सीनेशन से बचे बच्चों को घर जाकर बुलाएं।
आयुष्मान गोल्डन कार्ड पर कहा कि एक डिवाइस के माध्यम से कार्ड बनाया जाएगा। पंचायत भवन में 4 लाख 70 हजार में 1 लाख 60 हजार कार्ड बने हैं। 10 से 19 साल की विद्यालय न आ रहीं लड़कियों को आयरन की गोली देने के लिए मोबाइल नंबर नोट करें। जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से स्कूलों की सूची लेकर माइक्रो प्लान बनाकर कार्य करें। कहा कि इसकी मानिटरिंग भी करते रहें। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अमित आसेरी, अपर जिलाधिकारी कुंवर बहादुर सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी भूपेंद्र द्विवेदी आदि मौजूद रहे।