चित्रकूट। विकासखंड पहाड़ी के लोहदा गांव के ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट परिसर में समय से राशन सामग्री न मिलने को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने नया कोटेदार नियुक्त कराने की मांग की है।
सोमवार को अपर जिलाधिकारी जीपी सिंह को पत्र सौंप गांव में ही कोटे की दुकान संचालित कराकर नया कोटेदार नियुक्त करने की मांग की है। बताया कि दस वर्षों से कोटेदार दुकान संचालित कर रहा है। लगभग छह सौ से अधिक कार्डधारक हैं। घटतौली और यूनिट कम बताकर खाद्यान्न वितरित किया जा रहा था।
बीते माह समाधान दिवस में शिकायत की थी। इस पर 13 अगस्त को कोटे की दुकान निलंबित कर सगवारा में संबद्ध कर दिया है। ग्रामीणों ने गांव में ही कोटे की दुकान बहाल कर नया कोटेदार नियुक्त करने की मांग की है।
जिससे खाद्यान्न लेने में समय की बरबादी न हो। इस मौके पर प्रधान राजा, कमलेश कुमार, चन्द्रभान, भोला, राममिलन, बड़कू, पंकज, शिवपूजन, कमतू, शिवऔतार, बुद्धराज, कामता, सियारानी, मनुवा देवी, गुजरतिया, भगवनिया, गिरजा आदि दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।