बरगढ़/मऊ (चित्रकूट)। तीन दिन से लापता ग्रामीण का शव नदी में मिलने से खलबली मच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बरगढ़ थाना क्षेत्र के हड़हा के मजरा गोईयां कला निवासी हरिश्चंद्र पाल ने बताया कि 13 अप्रैल को उसके पिता द्वारिका प्रसाद पाल (55) भैंस चराने के लिए घर से गए थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। काफी खोजबीन करने पर भी कुछ पता नहीं चला। 14 अप्रैल को थाने में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मंगलवार सुबह गांव के पूर्व प्रधान हरीलाल पाल ने बताया कि गोईयां कला नदी के कोडरी घाट में एक शव मिला है। शव मिलने की जानकारी पर पहुंचा और कपड़ों से शव की शिनाख्त अपने पिता द्वारिका प्रसाद पाल के रूप में की। थाना प्रभारी राकेश मौर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया पानी में नहाते समय डूबने से मौत की संभावना है। परिजनों ने अन्य कोई आशंका भी नहीं जाहिर की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
-इनसेट
ट्रेन से गिरे यात्री की मौत, शिनाख्त नहीं
चित्रकूट। मंगलवार की सुबह भरतकूप थाना क्षेत्र अमिलिहा रेलवे क्रासिंग के पास एक 50 वर्षीय यात्री का शव पड़ा मिला। राहगीरों ने इसकी सूचना भरतकूप पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कराने का प्रयास, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की जेब से कोई कागजात नहीं मिले हैं। सुबह चलती ट्रेन से गिरने पर यात्री की मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। वह धोती कुर्ता पहने है। शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। (संवाद)