पहाड़ी(चित्रकूट) । अशोह में युवक ने कमरा बंद कर फांसी लगाकर जान दे दी। खेत से लौटे परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला।
अशोह थाना क्षेत्र चंद्रपाल शर्मा का परिवार गुरुवार शाम को खेत में भूसा ढो रहा था।
इसी बीच घर में अकेले मौजूद उनका बड़ा पुत्र नवल शर्मा (35) ने कमरा बंद कर फांसी लगा ली। रात को घर लौटे परिजनों ने खाना खाने के लिए उसे बुलाया लेकिन दरवाजा नहीं खुला। काफी देर होने पर परिजन कमरे के पास पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला।
खिड़की से देखा तो सभी भौचक्के रह गए। दरवाजा तोड़कर उसे फांसी के फंदे से नीचे उतारा गया।
इसकी सूचना पुलिस को दी गई। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पंचनामा कराया। मृतक के पिता ने बताया कि नवल दिल्ली में प्राइवेट काम करता था। तीन माह से वह दिल्ली नहीं गया था। परिवार में कुछ आर्थिक परेशानी चल रही थी। घटना के दिन मृतक की पत्नी पिंकी व तीनों बच्चे ननिहाल में थे। मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था।