दुकान में चोरी की जानकारी पुलिस को देता दुकानदार।
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूट। शहर में पुलिस चोरियां रोकने में नाकाम है। दूसरे दिन भी चोरों ने स्टेशनरी की दुकान को निशाना बनाया। छत की टीन काटकर घुसे चोर नगदी व सामग्री उठा ले गए। मालूम हो कि गुरुवार की रात को शंकर बाजार की एक मोबाइल की दुकान में चोरी हुई थी। एक माह के अंदर शहर में यह चोरी की पांचवीं घटना है। शहर के पुरानी बाजार चौक के पास स्थित अपनी दुकान पर सुशील अग्रवाल सुबह पहुंचे। दुकान का ताला खोलकर अंदर गए तो छत की टीन कटी थी। दुकान की सामग्री भी इधर उधर पड़ी थी। उन्होंने पड़ोसी दुकानदारों को चोरी के बारे में बताया। इस पर काफी लोग इकट्ठा हो गए। बाद में दुकानदार ने पुलिस सूचना दी। मौके पर कोतवाल सत्यपाल सिंह मय फोर्स पहुंचे। दुकानदार ने बताया कि चोर बाक्स में रखे लगभग चार हजार नगदी व दुकान की कुछ अन्य सामग्री ले गए हैं। अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई। शहर में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। सराफा, मिठाई, पेंट, इलेक्ट्रिानिक्स व मोबाइल की दुकान के बाद अब स्टेशनरी की दुकान में भी चोर छत के रास्ते ही दुकान के अंदर पहुंचे और चोरी कर भाग निकले। एसपी केके चौधरी का भी मानना है कि यह सारी चोरियां एक ही गैंग के युवक कर रहे हैं। पुलिस को सक्रिय किया गया है, जल्द चोरों को पकड़ा जाएगा।
घर में सेंध लगाकर हजारों की चोरी
चित्रकूट। कोतवाली क्षेत्र के कंठीपुर निवासी बसंता पुत्र रामचरन ने बताया कि उसका परिवार शुक्रवार को एक रिश्तेदार के घर निमंत्रण पर गया था। देर रात को घर लौटने पर पता चला कि चोरी हुई है। घर के पिछवाड़े सेंध लगाकर चोरों ने कमरे के बाक्स में रखे सोने चांदी के जेवर कुल लगभग 25 हजार की सामग्री ले भागे हैं। शनिवार की सुबह घर के पिछवाड़े खाली बाक्स पड़ा मिला है। कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
स्कूल में ताला तोड़कर चोरी
पहाड़ी। थाना क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय नहरा के कमरों का ताला तोड़कर चोरों ने दो साइकिल, तीन कुर्सी व मिड डे मील की सामग्री पार कर दी। शनिवार को नियमित समय पर विद्यालय पहुंचे प्रधानाध्यापक शिवशंकर सिंह ने ताला टूटा देखा तो घटना की जानकारी थाने व बीएसए कार्यालय को दी।