चित्रकूट। सराफा व्यापारी की हत्या मामले में पुलिस अधिकारियों ने गठित टीमों के काम की समीक्षा की। जिसमें हत्याकांड के मास्टर माइंड को दबोचने के लिए सर्विलांस व स्वाट टीम को विशेष एलर्ट किया गया है। इस दौरान कोतवाली पुलिस ने नामजद आरोपी कुलदीप सोनी को जेल भेजकर दर्ज मुकदमे में पांच धाराएं बढ़ाई हैं। पुलिस का मानना है कि हत्या पारिवारिक विवाद व व्यापारिक प्रतिस्पर्धा के चलते हुई है।
24 दिसंबर सोमवार की देर शाम को कोतवाली क्षेत्र के शंकरगंज दुकान से घर जा रहे सराफा व्यापारी छोटेलाल उर्फ छोटू सोनी पुत्र जगमोहन की बाइक सवार तीन युवक राजू, लाला व आशाराम ने गोलीमार हत्या कर दी थी। दूसरे भाई हरिशचंद्र की हत्या के उद्देश्य से पकड़ा तो वहां शिक्षक सुशील सिंह व उनके भाई प्रवीण सिंह ने आकर एक हत्यारे आशाराम को दबोच लिया था। इस मामले में पुलिस टीमें अबतक मास्टर माइंड को नहीं पकड़ पाई हैं। शनिवार को पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा ने अपर एसपी बलवंत चौधरी समेत इस जांच में लगे पुलिस अधिकारी व टीम के सदस्यों के साथ एसपी कार्यालय मेें बैठक की। जिसमें पूरे केस की समीक्षा की गई। अब तय हुआ है कि मास्टर माइंड कहीं छिप गया है तो उसे सर्विलासं व स्वाट टीम ही दबोचेंगीं।
एसपी ने बताया कि जांच टीमों की प्रगति संतोषजनक है लेकिन एक मास्टर माइंड की गिरफतारी से सब साफ हो जाएगा। फिलहाल अबतक मिले साक्ष्य व पीड़ित पक्ष के बयान के अनुसार हत्या व्यापारिक प्रतिस्पर्धा व पारिवारिक विवाद में हुई है। मृतक के चचेरे भाई नामजद कुलदीप सोपी पुत्र रामरूप को कोतवाली पुलिस ने शनिवार को पकड़कर जेल भेज दिया है। इसके अलावा दर्ज मुकदमें में विवेचना के दौरान पांच और धाराएं बढ़ाई गई हैं।