नशे में धुत बोलेरो चालक ने बारात के रंग में भंग डाल
दिया। पहले तो घोड़ी को टक्कर मारी, फिर बारातियों पर गाड़ी चढ़ा दी। एक
बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूल्हा समेत दस से अधिक लोग घायल हो
गए। घायलों में कई की हालत गंभीर है, जिन्हें इलाहाबाद रेफर किया गया है।
हादसे
के बाद चालक भाग निकला। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में ले लिया है। हादसे
के बाद बाराती वापस लौट गए। इस कारण शादी नहीं हुई। मृतक बच्चे के दादा ने
अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना मऊ थाने के
बियावल गांव की है। भुल्लन पुत्र मटरू की बिटिया सुमित्रा देवी की शादी थी।
बारात कोटरा खांभा गांव से आई थी। रात में शादी की रस्में हो रही थीं।
हंसी-खुशी माहौल में बारात जनवासे से लड़की के घर की ओर रवाना हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों
ने बताया कि दूल्हा सतीश पुत्र लवलेश घोड़ी पर बैठा था। उसके पीछे बारात
की ही एक बोलेरो चल रही थी। घोड़ी बीच-बीच में दो पैरों पर खड़ी होकर नाचती
तो बोलेरो चालक भी उसी धुन में बोलेरो को उठाने की कोशिश करता।
इसी
आपाधापी में उसने वाहन से नियंत्रण खो गया। बोलेरो ने पहले घोड़ी को टक्कर
मारी, फिर अन्य लोगों को रौंद दिया। इससे चीख पुकार मच गई। दुर्घटना होते
ही चालक भाग निकला।
बारात में आए दस वर्षीय सूरज पुत्र कल्लू
निवासी चित्रवार की मौके पर ही मौत हो गई। लवलेश (40) निवासी सखौंहा, अजय
(15) मऊ, बच्चा (35) सखौंहा, नथन (52) बस्तीवारा कौशांबी, वीरेंद्र (25)
परौरा करारी, विजय (50) कोटरा खांभा, रामलखन (30) रामनगर, कल्लू (20)
चिलिहा मऊ के साथ लड़की का चचेरा भाई परदेशी (13) बियावल भी घायल हो गया।
किसी
के सिर में तो किसी के हाथ पांव में चोटें आई हैं। थाने से पहुंचे एसआई
धीरेंद्र मिश्रा, राजेश मिश्रा ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से
जिला अस्पताल भेजा। वहां से इलाहाबाद रेफर कर दिया गया है। एसआई राजेश ने
बताया कि मृतक बच्चे के दादा अल्पनारायण ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला
दर्ज कराया है।
बोलेरो को थाने में खड़ा किया गया है। चालक का पता
लगाया जा रहा है। बताया जाता है कि चालक शराब के नशे में धुत था। उधर,
ग्राम प्रधान बियावल रमेश सिंह ने बताया कि हादसे के बाद बारात वापस लौट
गई। इस कारण शादी नहीं हो सकी। दोनों पक्ष बाद में शादी पर फैसला लेंगे।