अमर उजाला ब्यूरो
सरैंया(ब्यूरो)। सर्पदंश से एक ग्रामीण की मौत हो गई जबकि कच्ची दीवार ढहने से मलबे में दबा एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बुधवार की सुबह लगातार बारिश होने से रैपुरा थानाक्षेत्र के देउंधा निवासी छोटा (35) पुत्र चुक्का के घर में जलभराव हो गया। आस पास नाली न होने से कई अन्य घरों में भी जलभराव हुआ। जिस पर छोटा ने घर के बाहर पानी निकासी के लिए मिट्टी खुदाई शुरु की तभी अचानक सर्प ने उसे डस लिया। यह देखकर परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की मां सुमित्रा देवी ने बताया कि छह पुत्रों में छोटा पांचवे नंबर का था।
इसके अलावा मानिकपुर के बराहमाफी गांव में बारिश से रामनिवाज के कच्चे घर की एक दीवार भरभराकर गिर गई। वहीं मौके पर मौजूद उसका 14 साल का पुत्र दीपक मलबे में दब गया। किसी तरह उसे मलबे से निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।