चित्रकूट। पुरवा गांव में ट्यूबवेल की बोरिंग करा रहे ठेकेदार पर डकैतों ने ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ठेकेदार का भतीजा व एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का मानना है कि गोली मारने वाले डकैत गोप्पा गैंग के हैं।
रैपुरा थाना क्षेत्र के महुलिया गांव के भगड़ा पुरवा में बुधवार शाम कुछ डकैत पहुंचे। डकैतों ने ट्यूबवेल की बोरिंग कर रहे ठेकेदार कैरा यादव पर निशाना साध ताबड़तोड़ फायर फोंक दिया। इससे कैरा (45) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि साथ में मौजूद उसका भतीजा अर्जुन व एक अन्य मजदूर घायल हो गया। इसके बाद डकैत भाग निकले। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। अपर पुलिस अधीक्षक बलवंत कुमार चौधरी ने बताया कि पूछताछ में जानकारी मिली है कि ठेकेदार को गोली मारने वाले गोप्पा गैंग के डकैत हैं। गांव में गैंग के डाकू महेंद्र सिंह पासी उर्फ धोनी एवं राजा सहित आधा दर्जन के आने की सूचना मिली है। कैरा यादव लाइसेंसी राइफल लेकर चलता था, लेकिन डकैतों ने उसे संभलने का मौका ही नहीं दिया। इस दौरान यह भी पता चला है कि डाकू गोप्पा गैंग ठेकेदार व उसके परिवार पर पुलिस मुखबिरी का भी शक करता था। मालूम हो कि फरार गोप्पा के कार्यकाल के दौरान महुंलिया में दो बार पुलिस से गैंग की मुठभेड़ हुई थी। जिस पर गैंग ने इसी ठेकेदार पुलिस सूचना देने का शक किया था।