बलखड़िया के शव और अपने साथियों के साथ नीली शर्ट में बबुली कोल (फाइल फोटो)।
चित्रकूट। कुख्यात डाकू बबुली कोल गैंग में आपसी कलह के बाद गैंग का हार्डकोर मेंबर 50 हजार का इनामी डाकू लवलेश कोल अब अपनी राह बदल सकता है। सूत्रों की मानें तो वह अलग गैंग भी बना सकता है क्योंकि दोनों के बीच कलह व फूटन के बाद पुलिस एलर्ट होकर जंगल के रास्तों पर निगरानी रख रही है।
लवलेश को गैंग को सेकेंड नंबर का माना जाता है। हत्या अपहरण व फिरौती के तीन दर्जन मामलों में वांछित है। इसे डाकू बलखडिया का भी वरदहस्त प्राप्त था।
गौरतलब है कि सात लाख के इनामी डाकू सरगना बबुली कोल की उसी के गैंग के हार्डकोर सदस्य लवलेश कोल से विवाद होने की जंगलों से जानकारी मिल रही है।
जिसपर नाराज बबुली ने उससे रायफल छीनकर भगा दिया है। इसके बाद से अब लवलेश के सामने दोहरा संकट आ गया है और पुलिस के लिए सुनहरा मौका भी है। मारे गए डाकू सरगना बलखडिया गैंग के बबुली व लवलेश दोनों खास सिपलसार हैं।
बबुली के सरगना बनने के बाद से लवलेश उसका दाहिना हाथ रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार किसी भी वारदात में डाकू लवलेश का ही मुख्य हाथ रहता है। वह हमेशा बबुली को बचाता है।
अब दोनों में फूट पड़ने के आसार के बाद लवलेश जंगल में ही अलग गैंग बनाकर बबुली को चुनौती दे सकता है। जिसे देखते हुए पुलिस टीमें भी सक्रिय हैं। पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल दोनों डाकुओं के बीच मारपीट या अलग होने की कोई पुष्टि नहीं है लेकिन पुलिस पूरी घटना पर निगाह बनाए रखने का प्रयास कर रही है।
यदि लवलेश जंगल छोड़कर गांव या शहर की ओर आए तो उसे दबोचा जा सके। इस पर विभिन्न थानों में हत्या अपहरण,फिरौतीवसूलने व धमकी देने के 37 मामले दर्ज हैं। इस पर 50 हजार का इनाम घोषित है।