चित्रकूट। प्रधानमंत्री फसल योजना के प्रदेश प्रभारी व जूनियर अधिकारी के साथ नटबाबा के पास तमंचा लगाकर बदमाशों ने लूटपाट की। दोनों ने कोतवाली में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली में दी गई तहरीर के मुताबिक हैदराबाद (आंध्र प्रदेश) निवासी करुन कुमार जो अपने आप को प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना के प्रदेश प्रभारी बता रहे है और सोनेपुर निवासी जूनियर अधिकारी कृष्णराज सिंह पटेल एक नवंबर को बेड़ी पुलिया के पास से रात को भोजन करके आ रहे थे। तभी नटबाबा के पास से दो बाइक से चार युवक आए। तमंचा लगा मारपीट कर 80 हजार रुपये छीन लिए। साथ में पांच एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और मोबाइल फोन छीन ले गए। दोनों को बाइक से ठोकर भी मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए है। कोतवाली मेें भैरों प्रसाद रेहुटिया कर्वी निवासी अंकुर पटेल, बाबूपुर निवासी मणिशंकर, सोनू बघेल व बच्चा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।