साल भर के मासूम के लिए नमकीन का टुकड़ा काल बन गया। यह उसके गले में फंस गया जिससे वह तड़पने लगा। बहुत कोशिशों के बाद भी परिजन उसे बाहर नहीं निकाल सके तो बच्चे को लेकर जिला अस्पताल आए। हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।नगर कोतवाली के महुली निवासी सलीम सउदी अरब में रहता है। दो माह पहले वह अपने घर लौटा है। बुधवार की देर रात उसका 13 महीने का बेटा सोनू बिस्तर पर बैठकर नमकीन खा रहा था। इस दौरान एक टुकड़ा उसके गले में अटक गया। उसे तड़पता देख परिजनों के होश उड़ गए। सलीम उसे लेकर जिला अस्पताल भागा, लेकिन रास्ते में सोनू की सांसें थम गईं। जिला अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजन शव लेकर घर चले गए। रात में परिजनों ने मासूम के शव को गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक कर दिया। मासूम की मौत के बाद सलीम के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। एक ही पल में हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छिन गईं। सलीम की पत्नी व अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। सोनू के अलावा सलीम का एक और बेटा सलमान है।