इलाहाबाद से इलाज कराकर लौट रहे युवक की एंबुलेंस की
सामने से आ रही टाटा सफारी से टक्कर हो गई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई,
जबकि एंबुलेंस में साथ बैठे उसके छह रिश्तेदार समेत सात घायल हो गए।
हादसे
की खबर मिलते ही आसपास के लोग आ गए। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर
पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य
केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर देख स्वास्थ्य केंद्र के डाक्टर ने घायलों को
जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना गुरुवार अपराह्न लगभग एक बजे की
है। राममिलन (40) पुत्र ललवा यादव निवासी सिकरौली बिसंडा (बांदा) इलाहाबाद
के स्वरूपरानी अस्पताल में भर्ती था। परिजनों ने बताया कि रामिलन को
गुरुवार को अस्पताल से छुट्टी मिली तो वे लोग एंबुलेंस (टवेरा) से उसे घर
ले जा रहे थे।
बरगढ़ घाटी के पास सामने से आ रही एक सफारी ने
एंबुलेंस में जोरदार टक्कर मार दी। बताया कि राममिलन की मौके पर ही मौत हो
गई। घायलों की चीख पुकार सुनकर लोग दौड़े और उनको बाहर निकाला।
घायलों
में राममिलन की बहन कुसुमा (38) उसका पति दुर्गेश कुमार (40) पुत्र
देवनारायण निवासी चंद्रामारा बहिलपुरवा, भाई राममूरत (38) और जगतपाल (35),
के अलावा महेश मिश्रा (58) पुत्र चुन्नू, माधुरी (60) पत्नी फूलचंद्र, चालक
मंगलादत्त दुबे पुत्र रामखिलावन निवासी अरैयापुर थाना कुंडा प्रतापगढ़ भी
घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे तहसीलदार गुलाब सिंह, एसओ बरगढ़ केपी
दुबे, एसओ मऊ शिवबचन सिंह ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊ में घायलों की हालत गंभीर देख डाक्टर ने
जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उधर, अन्य सड़क दुर्घटनाओं में प्रमोद
(40) पुत्र किशोरीलाल गिर्रा थाना गिरवां, तुलसा देवी (60) पत्नी ब्रजमोहन
निवासी मटियारी, किशोरीलाल (68) बुद्धीलाल निवासी कटनी, राधिका (25) पत्नी
मानसिंह करारी छतरपुर घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया
है।