मानिकपुर(चित्रकूट)। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में एक युवक बेहोशी की हालत में मिला है। आरपीएफ टीम ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। होश आने पर उसे जीआरपी के माध्यम से परिजनों को बुलाकर सौंप दिया गया है।
आरपीएफ प्रभारी प्रहलाद सिंह परिहार ने बताया कि रविवार को संपर्क क्रांति एक्सप्रेस मानिकपुर पहुंची। ट्रेन की एक बोगी में मध्य प्रदेश के जिला छतरपुरके सरवई स्वराजपुर निवासी सुरेंद्र बेहोशी की हालत में मिला। सूचना मिलने पर आरपीएफ की टीम ने उसे ट्रेन से उतारकर सीएचसी में भर्ती कराया।
होश आने पर सुरेंद्र ने बताया कि वह पुणे में पेंटर का काम करता है। तबीयत खराब होने पर वह गांव लौट रहा था। झांसी से दवा लेकर वह संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में बैठा था। रास्ते में वह अचानक बेहोश हो गया। उसका मोबाइल गायब है। जबकि, जेब में रखे रुपये व अन्य कागजात सही सलामत मिले हैं। सोमवार को उसे परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों के साथ वह अपने घर चला गया।