मऊ (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती की गला घोटकर हत्या किए जाने के बाद शव को झाड़ियों में फेंका गया था। इसका खुलासा युवती की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक युवती के शरीर के अंदरूनी अंगों में चोटों के निशान मिले हैं, लेकिन दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का मानना है कि हत्यारोपियों ने युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसकी हत्या कर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की 18 वर्ष की युवती का शव रविवार को गांव के बाहर स्थित नाले के पास झाड़ियों में मिला था। सोमवार को युवती के शव का पोस्टमार्टम हुआ। एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम में युवती की हत्या गला घोटकर किए जाने की पुष्टि हुई है। उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। शरीर के अंदरूनी अंग के कुछ हिस्से में हल्की खरोंच है। युवती की स्लाइड को जांच के लिए लैब भेजा गया है। थाना प्रभारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ ही हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पूछताछ के लिए चार युवकों को उठाया गया है। कुछ अहम सुराग मिले हैं। इसी आधार पर जांच जारी है। इधर, हत्या के बाद युवती के परिवार व गांव में मातम छाया है। दोपहर बाद युवती का अंतिम संस्कार कर दिया गया।