चित्रकूट। बहिलपुरवा थाना अंतर्गत देवांगना घाटी में शुक्रवार शाम प्रेमी ने साथियों के साथ मिलकर धारदार हथियार से हमला कर युवती को लहूलुहान कर दिया। इसके बाद मरणासन्न हालत में छोड़कर भा गए। युवती ने प्रेमी पर 85 हजार रुपये ले जाने का भी आरोप लगाया है। पुलिस जांच कर रही है।
युवती के छोटे भाई ने बताया कि रैपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती का प्रेम प्रसंग स्वजातीय पड़ोसी के रिश्तेदार से सात माह से चल रहा था। बुधवार को बुआ के यहां जाने की बात कहकर घर से गई थी। शुक्रवार को वह प्रेमी के बुलाने पर देवांगना घाटी पहुंच गई। वहां प्रेमी समेत तीन लोग मौजूद थे। किसी बात को लेकर कहासुनी होने पर युवती को धारदार हथियार से लहूलुहान कर मरणासन्न दशा में झाड़ियों में फेंक कर फरार हो गए।
रात 10 बजे वहां से गुजरी बहिलपुरवा थाना पुलिस के वाहन को देख युवती किसी तरह सड़क पर आई। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उससे बैंक खाते से 85 हजार रुपये निकलवा लिए। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जानकारी होने पर परिजन अस्पताल पहुंचे।