नोटो=1- अर्पित कुमार- फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
शिवरामपुर(चित्रकूट)। चौकी क्षेत्र के कल्ला गांव की एक दुकान से टॉफी खरीदकर खाने के बाद आठ वर्षीय मासूम की हालत बिगड़ गई। जिसे परिजन अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पिता ने दुकानदार पर हानिकारक सामग्री बेचने का आरोप लगाकर पुलिस चौकी में तहरीर दी है।
शिवरामपुर चौकी क्षेत्र के कल्ला गांव के देशराज ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम को उसका आठ वर्षीय पुत्र अर्पित गांव की ही एक परचून की दुकान से टॉफी लेकर आया। घर में टॉफी खाने के कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई। यह देखकर परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। इलाज के कुछ देर बाद अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दो भाई, एक बहन में मृतक छोटा था। मां रामा देवी का रो-रोकर बेहाल है।
शुक्रवार को पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। इस घटना के बाद मृतक के पिता ने पुलिस चौकी में दुकानदार पर हानिकारक सामग्री बेचने और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले की तहरीर अभी कोतवाली नहीं आई है। शव को पोस्टमार्टम कराया गया है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।