राजापुर। थाना अंतर्गत कस्बे मेें थाने से चंद दूरी पर तीन जनसेवा केंद्रों के ताले तोड़कर चोर लगभग 2 लाख रुपये नगद सहित क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, व पैन कार्ड की चोरी कर चम्पत हो गये। जिसको लेकर व्यापारियों में आक्रोश देखा जा रहा है।
सोमवार रात राजापुर कस्बे में आर्यावर्त बैंक से संचालित जनसेवा केंद्र के ब्रजेश कुमार सिंह, इंडियन बैंक से संचालित जनसेवा केंद्र पुष्पराज सिंह व एक जनसेवा केंद्र के जैकी जायसवाल के प्रतिष्ठान में सोमवार रात को चोर शटर तोड़कर लगभग 2 लाख नगद ले गए। जनेसवा केंद्र के प्रभारी ब्रजेश सिंह ने बताया कि उसके प्रतिष्ठान से 80 हजार रुपये रखा था। इसके साथ दो क्रेडिट कार्ड व चार डेबिट कार्ड भी ले गए।
जैकी जायसवाल ने बताया कि 95 हजार नगद सहित अन्य सामग्री ले गए। इंडियन बैंक के जनसेवा केंद्र के पुष्पराज सिंह ने बताया कि चोर 30 हजार रुपये, एक सोने की जंजीर ले गए। घटना को लेकर उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष सुभाषचंद्र अग्रवाल ने कहा कि एक रात में तीन प्रतिष्ठानों में चोरी की घटनाएं हुई है। चोरी की घटना का खुलासा किया जाए। थानाध्यक्ष अवधेश मिश्रा ने बताया कि दो व्यापारियों की तरफ से तहरीर मिली है। चोरी का पर्दाफाश करने के लिए टीम का गठन कर दिया गया है।