चित्रकूट। गोस्वामी तुलसीदास राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को मिशन शक्ति के अंतर्गत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन से संबंधित गोष्ठी हुई। शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद आरके सिंह पटेल व महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार पाल ने किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में नारी और आगे बढ़े। मुख्य अतिथि सांसद ने देश और नारी की स्थिति को प्राचीन भारतीय इतिहास से जोड़ते हुए कहा कि छात्राओं की शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ी है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में महात्मा ज्योतिबा फुले के उत्कृष्ट कार्यों की विशेष चर्चा की।
प्राचार्य ने कहा कि मिशन शक्ति प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। जिसके अंतर्गत देश एवं समाज में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। महाविद्यालय के जंतु विज्ञान के प्राध्यापक डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नीरज गुप्ता ने किया। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि शक्ति सिंह तोमर सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।