चित्रकूट। अंत्योदय लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 20 जुलाई तक अंत्योदय आयुष्मान पखवारा के तहत लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड निशुल्क बनाए जा रहे हैं।
शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय सभागार में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी ने बताया कि आयुष्मान कार्डधारक को एक साल में पांच लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज मिलता है। ग्राम पंचायतों में जन प्रतिनिधियों का सहयोग लिया जा रहा है। लक्षित लाभार्थियों की सूची ग्राम वार्डवार सरकारी राशन के दुकानदारों को उपलब्ध करा दी गई है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि उनके गांव वार्ड के सभी अंत्योदय लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बनवाने में सहयोग करें। अभियान में प्रत्येक अंत्योदय कार्डधारक परिवार का आयुष्मान कार्ड बन जाए।
यहां लगेंगे कैंप
सीएमओ के मुताबिक कैंप का आयोजन राशन की दुकान, पंचायत भवन, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय में किया जा रहा है। यदि किसी गांव या वार्ड में लक्षित लाभार्थियों की संख्या 50 से अधिक है तो वहां पर एक से अधिक कैंप लगाए जाएंगे। लक्षित परिवारों को प्रेरित करते हुए कैंप में लाने और आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आशा कार्यकर्ता को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
योजना एक नजर में
अंत्योदय योजना के लाभार्थी परिवार 22,755
अंत्योदय लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बने 10198