चित्रकूट/मऊ। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में भी साफ हो गया कि शादी समारोह में हर्ष फायरिंग से हुई दो रिश्तेदारों की मौत राइफल की एक ही गोली से हुई है। इसी गोली से दो अन्य घायल भी हुए हैं। मृतक के जबड़े में फंसी राइफल की गोली के खोखे को जांच के लिए फोरेंसिक लैब में भेजा गया है। राइफलधारी आरोपी बबुली यादव को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। उधर गमगीन माहौल में दोनों मृतक रामलखन व रामकरन का उनके गांव में अंतिम संस्कार हुआ।
राजापुर थाना क्षेत्र के अतरसुई गांव के नोनागर में तीन मई को द्वारचार के दौरान हर्ष फायरिंग में दूल्हे के दादा रामलखन यादव व बहनोई रामकरन यादव की मौत हो गई थी। दूल्हे के चाचा राममिलन और पड़ोसी मुन्ना पाल गोली लगने से घायल हो गए हैं। इस संबंध में आरोपी महेश यादव व बबुली यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने बबुली यादव को राइफल समेत गिरफ्तार कर लिया है।
गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के मुताबिक एक राइफल की गोली से ही दोनों की मौत हुई है। रामकरन के जबड़े में फंसी गोली के खोखे की जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा गया है। गुरुवार को इटवां व उड़की गांव में माहौल गमगीन रहा।
मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाने पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवशंकर सिंह यादव पहुंचे। उधर नोनागर गांव में दुल्हन पक्ष के घर में भी सन्नाटा रहा। शादी वाले घर में गमगीन माहौल रहा। दुल्हन बोली कि उसकी और परिवार की कोई गलती न होने के बाद भी एक कलंक उनके परिवार पर लगा। पूरे प्रकरण में घराती कोई नहीं सब बराती पक्ष के लोग थे।
हर्ष फायरिंग मामले में अभी तक यह सामने आया है कि महेश व बबुली ने अपने असलहों से दो-दो फायर किए थे। दोनाली व राइफल से दो-दो गोली चलीं। राइफल की दूसरी गोली लोड करने के बाद चली गोली से तबाही की इबादत लिख गई।
राजापुर। थाना प्रभारी अवधेश मिश्रा ने बताया कि हर्ष फायरिंग मामले में भागे आरोपी महेश यादव की तलाश में कई जगह छापेमारी की गई। फिलहाल अभी वह पुलिस की पकड़ से दूर है। जल्द ही उसे पकड़ा जाएगा।
राजापुर । विद्यालय में ठहरे बारातियों के जनवासे की खबर के बाद खंड शिक्षाधिकारी मिथिलेश कुमार ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक अनिल सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसी प्रकार मंगलवार की रात को अतरसुई के मजरा नोनागर में द्वारचार के दौरान हुए हर्ष फायरिंग से दो लोगों की मौत के बाद दुल्हन बुधिया महुलिया निवासी हरिश्चन्द्र के बेटे शंकर से शादी करने से इनकार कर रही है।
जनवासे के रूप में कम्पोजिट विद्यालय के बरामदे व परिसर को बिना किसी उच्च अधिकारी के आदेश के बारात ठहराई गई थी। कन्या के पिता धइया का कहना है कि सामाजिक मर्यादा खराब हुई और बारातियों, मेहमानों व घरों के लिए बनवाया गया भोजन भी सड़कर बर्बाद हो गया है। मां सुखरनिया ने बताया कि बेटी की शादी के लिए कई माह से तैयारी कर रही थी, लेकिन इस घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया है।