सरधुआ (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के कुचौली गांव निवासी महिला ने थाने के तीन सिपाही व कुछ ग्रामीणों पर आरोप लगाया कि उसके घर में घुसकर मारपीट की। उनके जमीन के विवाद में दूसरे पक्ष से मिलकर पुलिसकर्मी उनपर दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर फर्जी मामले में जेल भेजने की धमकी दी है।
गुरुवार को कुचौली गांव निवासी शैलकुमारी ने डीएम को लिखे पत्र में बताया कि एक पक्ष से उनका जमीन पर कब्जे का विवाद चल रहा है। इसी मामले में वह कई बार अधिकारियों के यहां नापजोख कराने के लिए गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। आरोप लगाया कि दस सितंबर को थाने के तीन सिपाही व विरोधी उसके घर मेंं घुसे और गाली गलौज पर दंपती को पीटा। घर में रखे कुछ रुपये भी ले जाने का आरोप लगाया है। जमीन के मामले में समझौता न करने पर जेल भेजने की धमकी देकर सभी चले गये। आरोपियों पर कार्रवाई कराने की मांग की है।
थाना प्रभारी आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि यह गलत आरोप है। इनका जमीन का विवाद है इससे पुलिस का कोई लेना देना नहीं है। विरोधी पक्ष ने तहरीर दी है। इस पर दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है लेकिन यह पक्ष नहीं आ रहा है। गांव में पुलिस मौके का निरीक्षण करने गई थी किसी के घर नहीं गई है।