चित्रकूट। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के रैपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बोड़ीपोखरी के पास मिट्टी लदे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक चालक की मौत हो गई। पीछे बैठे चचेरे भाई को मामूली चोटें आईं हैं। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। हेलमेट नहीं लगाए था, लेकिन पेट और सिर पर चोट लगने से मौत हुई है।
रैपुरा थाना क्षेत्र के खोर गांव निवासी बृजजीवन (35) अपने चचेरे भाई नानभइया (34) के साथ बाइक से गुरुवार की दोपहर को कूलर की मोटर बनवाने कर्वी मुख्यालय आए थे। देर शाम को लौटते समय हाईवे के बोडीपोखरी के पास सामने से आ रहे मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इससे बृजजीवन की मौके पर मौत हो गई। नानभइया को मामूली चोट आई है।
सूचना पर पहुंची रैपुरा थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, घटना के बाद ट्रैक्टर छोड़कर चालक भाग निकला। पुलिस ने ट्रैक्टर बरामद कर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पत्नी शकुंतला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह तीन भाइयों में बड़ा था। मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था।