चित्रकूट। झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के भरतकूप थाना क्षेत्र में बुधवार की रात को तीर्थयात्रियों से भरी बस की बाइक से टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार दोनों युवकों की हालत नाजुक बनी है। पुलिस ने बस को थाने में खड़ा कराकर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। प्राइवेट बस में बहराइच जिले के तीर्थयात्री हैं जो चित्रकूट दर्शन करने आये थे।
चित्रकूट से बाया बांदा जा रही तीर्थयात्रियों की बस जैसे ही भरतकूप थाना क्षेत्र के हाईवे पर अकबरपुर गांव के पास पहुंची तो मोड़ पर एक बाइक की टक्कर हो गई। जिससे बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए दोनों घायल अकबरपुर गांव निवासी राजेश कुमार पुत्र लाल प्रजापति और उसके दोस्त रामदीन को निजी वाहन से जिला अस्पताल भेजा गया।
जिसमें राजेश कुमार की स्थिति नाजुक है। पुलिस के अनुसार बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था। इस घटना में बहराइच जिले के नानपारा निवासी तीर्थयात्रियों को कोई चोट नहीं आई लेकिन सभी दहशत में रहे।